"प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट की रामलीला में भावुकता, भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम दिखा।"

"प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट की रामलीला में भावुकता, भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम दिखा।"

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। एक मूर्ति चौक के पास रामलीला मैदान, इकोटेक 12 में प्रभु श्री रामलीला सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित की जा रही भव्य रामलीला के पांचवें दिन भावुकता, भक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला जब हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं के समक्ष दशरथ मरण, भरत मिलाप, स्वरूपनखा-निकुंभला, स्वरूपनखा नाकटी और खर-दूषण वध की लीलाओं का सजीव मंचन किया गया।

लीला का शुभारंभ अत्यंत मार्मिक दृश्य दशरथ मरण से हुआ जहाँ पुत्र वियोग में महाराज दशरथ द्वारा राम-राम कहते हुए प्राण त्यागने के दृश्य ने पूरे पंडाल को भावुक कर दिया और दर्शकों की आंखें नम हो गईं, जिसके तुरंत बाद भरत मिलाप के प्रसंग में भरत का राजगद्दी को ठुकराकर अपने बड़े भाई श्री राम को मनाने के लिए वन में जाना और उनकी खड़ाऊं लेकर अयोध्या का राजपाट चलाने का संकल्प लेना भाई-प्रेम और त्याग की पराकाष्ठा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत कर गया कि पूरा मैदान जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा। 

लीला का सबसे मनमोहक और भक्तिमय आकर्षण प्रभु श्री राम और केवट संवाद रहा जिसमें केवट द्वारा प्रभु के चरण धोने की जिद करना और यह कहना कि मांगी नाव न केवट आना कहहि तुम्हार मरम मैं जाना जैसे सजीव संवादों ने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची भक्ति के आगे भगवान भी झुक जाते हैं, केवट प्रभु श्री राम, लक्ष्मण एवं सीता माता को गंगा पार करवाते हुए, अति सुंदर मनमोहक चित्रण* ने दर्शकों का मन मोह लिया और भक्ति रस से सराबोर कर दिया, इसके पश्चात स्वरूपनखा के प्रणय प्रस्ताव, लक्ष्मण द्वारा उसकी नाक काटने और फिर प्रतिशोध में खर-दूषण का अपनी विशाल राक्षसी सेना के साथ आक्रमण करने और प्रभु श्री राम द्वारा अकेले ही अद्भुत पराक्रम दिखाते हुए उनका वध करने के रोमांचकारी दृश्यों में लाइट, साउंड और एक्शन के अद्भुत समन्वय ने विशेषकर युवा दर्शकों में गजब का उत्साह भर दिया।

इस भव्य आयोजन का मंचन हरि भक्ति कला ट्रस्ट के अनुभवी कलाकारों द्वारा किया जा रहा है जिसका निर्देशन श्री पंकज शर्मा जी कर रहे हैं, वहीं ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री दीपक यादव जी ने बताया कि पांचवें दिन दर्शकों की भीड़ ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और शाम आठ बजे से शुरू हुई लीला देर रात तक चली जिसे देखने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न सोसाइटियों से हजारों परिवार अपने बच्चों के साथ पहुंचे। आयोजकों ने सभी भक्तों से आने वाले दिनों में और भी दिव्य लीलाओं का साक्षी बनने की अपील की है।