आईएमएस नोएडा में दो दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
नोएडा। सेक्टर 62 स्थित आईएमएस नोएडा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग द्वारा बदलते दौर में मीडिया विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ मास कम्युनिकेशन दिल्ली के वरिष्ठ प्रोफेसर शामिल हुए। उन्होंने पत्रकारिता के छात्रों को भविष्य में मीडिया क्षेत्र में हो रहे बदलाव और नए कौशल को अपनाने के प्रति जागरूक किया।
पहले दिन की कार्यशाला को आईआईएमसी के स्ट्रेटेजिक कम्युनिकेशन विभाग के विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने संबोधित किया। इस दौरान प्रोफेसर प्रमोद कुमार ने छात्रों को वर्तमान में पत्रकारिता के क्षेत्र में हो रहे बदलाव के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही वर्तमान में बदलाव आधारित पत्रकारिता करने के लिए छात्रों को प्रेरित किया। वहीं दूसरे दिन की कार्यशाला को संबोधित करते हुए आईआईएमसी के पूर्व प्रोफेसर और उत्तराखंड सरकार के मीडिया सलाहकार प्रोफेसर गोविंद सिंह ने छात्रों को पत्रकारिता के क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलाव के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें वर्तमान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न प्रकार के टूल को सीखने के लिए कहा। इसके साथ ही उन्होंने पत्रकारिता के साथ ही छात्रों को पॉलिटिकल कम्युनिकेशन और जनसंपर्क के क्षेत्र में भी करियर की संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रेरित किया।
पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) सचिन बत्रा ने बताया कि वर्तमान समय में पत्रकारिता एवं जनसंचार के क्षेत्र में तकनीकी रूप से तेजी से बदलाव हो रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के आने के बाद अब खबरों के लिखने उनके संपादन के साथ ही ग्राफिक्स और एनीमेशन की दुनिया में तेजी से परिवर्तन हुआ है। इस स्थिति में अब पत्रकारिता के छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरूरी सॉफ्टवेयर और टूल्स पर विशेष करके कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि इसी बिंदु को ध्यान में रखते हुए आईएमएस की तरफ से सॉल्यूशन जर्नलिज्म और चेंजिंग डायनामिक्स ऑफ मीडिया विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ।


