गुडटच - बैडटच एवं स्वास्थ्य संबंधित विषय पर हुई कार्यशाला
महिला उन्नति संस्था, जिला गौतम बुध नगर ने सेतु शिक्षा ज्योति केंद्र, गांव सदरपुर, सेक्टर 45 में छात्र-छात्राओं के लिए गुड टच और बैड टच एवं स्वास्थ्य और चिकित्सा से संबंधित एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया।
जिला अध्यक्ष रेनू बाला शर्मा ने संस्था के विषय में बताते हुए बच्चों को उनके स्वास्थ्य और गुड टच और बैड टच के विषय में जागरूक करना क्यों अनिवार्य है। इसके लिए भारत सरकार मे अहम कदम उठा रही है, जिससे देश का प्रत्येक बच्चा भविष्य में स्वस्थ और सुरक्षित रह सके और अपनी प्रतिभा को निपुणता से विकसित कर सके।
जिला प्रभारी सीमा रावत ने गुड टच और बैड टच के विषय में विस्तार से बताया और बच्चों को अपने माता-पिता और अध्यापकों को ऐसी घटनाओं के बारे में अवगत कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि बैड टच न केवल स्पर्श से होता है, बल्कि अपशब्द बोलना और गलत नजरों से देखना भी बैड टच मानसिक प्रताड़ना है ।
डॉ. रेनू सिंह ने स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की और बच्चों को स्वच्छता, पौष्टिक आहार, और सोशल मीडिया के सही उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने मासिक पीरियड के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखने, पौष्टिक आहार लेने, और अधिक मात्रा में पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने यह भी बताया कि हल्के व्यायाम करने से मासिक पीरियड के दर्द को कम किया जा सकता है और पर्याप्त नींद लेना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में, रेनू बाला शर्मा ने डॉ. रेनू सिंह, स्कूल के प्रधानाचार्य, अध्यापिकाओं, सरिता सिंह और बच्चों को धन्यवाद और आभार प्रकट किया। कार्यक्रम बहुत सफल रहा और सभी ने एक साथ मिलकर "सबका सहयोग सबका साथ, बनाएगा विकसित भारत" का संदेश दिया। महिला उन्नति संस्था ने सभी का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रतिबद्धता जताई।


