एथलीट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स तय करेंगे खेल क्रांति का सफर
नोएडा में प्रस्तावित पैरा खेल महाकुंभ को लेकर युवा क्रांति सेना की बैठक नोएडा सेक्टर 14 में आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व शालिनी सिंह और चेयरमैन लोकेश चौहान ने किया, जिसमें डिजिटल माध्यमों के जरिए पैरा खेलों को नई दिशा देने और पैरा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर गहन चर्चा हुई। बैठक में पैरा खिलाड़ियों के संघर्ष, उनकी उपलब्धियों और उनके अदम्य साहस को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की विस्तृत रणनीति तैयार की गई। उद्देश्य यह है कि पैरा खेल महाकुंभ केवल एक आयोजन न रहकर, बल्कि एक जनआंदोलन का रूप ले, जो देशभर के युवाओं को प्रेरित करे।
इस अवसर पर नजरबट्टू प्रोडक्शन के पवन यादव और प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अंकुर शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विश्वास जताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की ताकत से इस महाकुंभ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है और लाखों युवाओं को इससे जोड़ा जा सकता है।
शालिनी सिंह ने कहा कि आज का युग डिजिटल युग है और युवा वर्ग सोशल मीडिया से सबसे अधिक प्रभावित है। यदि हम इस शक्ति का सकारात्मक उपयोग करें, तो खेलों के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन संभव है। पैरा खेल महाकुंभ के माध्यम से हम उन प्रतिभाओं को मंच देना चाहते हैं, जो संसाधनों के अभाव में पीछे रह जाती हैं।
वहीं, युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल एक इवेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि एक ऐसी सोच को आगे बढ़ाना है जो पैरा खिलाड़ियों को सम्मान, अवसर और पहचान दिलाए। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से यह पहल एक बड़े आंदोलन का रूप लेगी और आने वाले समय में देश में खेल क्रांति की नई इबारत लिखेगी। इस अवसर पर प्रशांत सिंह, आकाश शर्मा, अनूप चतुर्वेदी, अवनीश यादव मौजूद थे।


