भारत उत्कर्ष महायज्ञ: 108 कुण्डीय, 140 करोड़ आहुतियों से विश्व शांति और राष्ट्र कल्याण की होगी कामना
महर्षि आश्रम में 5 दिसंबर तक चलेगा भव्य आयोजन, शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती के संरक्षण में होगा अनुष्ठान, देवी कृष्ण प्रिया सुनाएंगी श्रीमद् देवी भागवत कथा
नोएडा। राष्ट्र के आध्यात्मिक उत्थान, विश्व शांति और मानव कल्याण के संकल्प के साथ नोएडा के महर्षि आश्रम, महर्षि नगर में 27 नवंबर से ऐतिहासिक ‘भारत उत्कर्ष महायज्ञ’ का शुभारंभ हो चुका है। 5 दिसंबर तक चलने वाले इस नौ दिवसीय आयोजन में 108 कुण्डीय देवी भगवती सहस्त्र महायज्ञ के अंतर्गत 140 करोड़ आहुतियां समर्पित की जा रही हैं। महर्षि महेश योगी संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस महायज्ञ का शुभारंभ 26 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। संपूर्ण अनुष्ठान जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती जी महाराज के पावन संरक्षण में संपन्न होगा।

महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र की समृद्धि, विश्व में शांति, मानवता के कल्याण और भारत को सशक्त एवं समृद्ध बनाने की सामूहिक कामना करना है। ‘राष्ट्र की समृद्धि में हम सबकी समृद्धि’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस महायज्ञ में देशभर से संत-महात्माओं, विद्वानों, श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। यज्ञ में दी जाने वाली 140 करोड़ आहुतियां इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होंगी।
महायज्ञ के साथ प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 8 बजे तक प्रख्यात कथावाचक देवी कृष्ण प्रिया जी के श्रीमुख से श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन होगा। वहीं, प्रतिदिन सुबह 9:30 बजे से 108 कुण्डीय महायज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां दी जाएंगी। 5 दिसंबर को भव्य पूर्णाहुति के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।
*लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा सांस्कृतिक मंच*
भारत उत्कर्ष महायज्ञ में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ देश की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को भी विशेष स्थान दिया गया है। आयोजन के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोक कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को भारतीय लोक परंपराओं से रूबरू कराएंगे।
26 से 29 नवंबर तक मथुरा के महिपाल के नेतृत्व में पांच सदस्यीय नगाड़ा वादक दल अपनी प्रस्तुतियां देगा। वहीं 28 से 30 नवंबर तक बांदा के कृष्ण पाल के नेतृत्व में दस सदस्यीय बुंदेली दीवारी पाई डंडा लोकनृत्य दल अपनी कला का प्रदर्शन करेगा।
1 से 3 दिसंबर तक अयोध्या के विजय यादव के नेतृत्व में 15 सदस्यीय फरवाही लोकनृत्य दल, झांसी की राधा प्रजापति के नेतृत्व में 15 सदस्यीय तमूरा लोक कलाकार दल तथा हमीरपुर के महावीर प्रजापति के नेतृत्व में सात सदस्यीय लोक कलाकार दल अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बुंदेलखंड, ब्रज और अवध सहित विभिन्न क्षेत्रों की लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
आध्यात्मिकता के साथ भारतीय संस्कृति की दिखेगी झलक
भारत उत्कर्ष महायज्ञ को धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित न रखते हुए इसे भारतीय कला, संस्कृति, परंपरा और जनकल्याण के व्यापक उत्सव के रूप में तैयार किया गया है। आयोजन परिसर में भारत आरोग्य मेले के माध्यम से स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी गतिविधियां होंगी। कला गांव और भव्य रेत कला प्रदर्शनी में देश की सांस्कृतिक विरासत तथा प्रसिद्ध मंदिरों की कलात्मक प्रतिकृतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके अतिरिक्त वैदिक प्रांगण में कल्पवास, ध्यान, वेदाध्ययन एवं साधना के माध्यम से आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर मिलेगा। परिसर में पुस्तक मेला, गौ सेवा प्रकल्प और अन्न क्षेत्र की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन के दौरान देशभर से आने वाले संतों, योगियों और विद्वानों का सानिध्य भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
महर्षि महेश योगी संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव ने देशवासियों एवं श्रद्धालुओं से इस महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राष्ट्र की आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने, सामाजिक समरसता को मजबूत करने और विश्व कल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का सामूहिक प्रयास है।
संस्थान के उपाध्यक्ष राहुल भारद्वाज ने भी समाज के सभी वर्गों से इस लोक कल्याणकारी आयोजन में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही राष्ट्र उत्कर्ष और मानव कल्याण के इस संकल्प को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है।
नोट : महायज्ञ का आयोजन गेट नंबर-6, महर्षि आश्रम, महर्षि नगर, नोएडा में किया जा रहा है। आयोजन में श्रद्धालुओं एवं आमजन को सादर आमंत्रित किया गया है।


