सलाम नमस्ते में वरिष्ठ नागरिक दिवस पर संगोष्ठी
नोएडा।PNI News। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते 90.4 में वरिष्ठ नागरिक दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में आने वाले समय में रेडियो कार्यक्रम “अनुभव” पर वरिष्ठ नागरिकों के साथ चर्चा की गई। वहीं आज के संगोष्ठी के दौरान सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया, समाज सेविका अर्चना गर्ग, कवित्री रेखा अस्थाना, समाज सेविका गीता धवन एवं समाजसेवी सर्वेश कुमार श्रीवास्तव ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि आनेवाले समय में हम वरिष्ठ नागरिकों पर आधारित रेडियो कार्यक्रम अनुभव की शुरुआत कर रहे हैं। इस कार्यक्रम को विज्ञान प्रसार मंत्रालय भारत सरकार एवं अलगप्पा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अनुभव रेडियो कार्यक्रम वरिष्ठ नागरिकों के द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में रेडियो के माध्यम से स्वास्थ्य, विज्ञान, तकनीक से संबंधित विषयो पर वरिष्ठ नागरिक अपनी सकारात्मक रचनात्मकता एवं अनुभवों को साझा करेंगे।
बर्षा छबारिया ने बताया की आनेवाले महीनों में सलाम नमस्ते वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को भी इस कार्यक्रम के साथ जोड़ेगा। वहीं उन्होंने बताया कि विज्ञान प्रसार मंत्रालय भारत सरकार एवं अलगप्पा विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में संचालित इस कार्यक्रम की रूपरेखा डॉ. श्रीधर राममूर्ति ने तैयार की है। जिससे समाज में रहने वाले वरिष्ठ नागरिक भी सम्मान के साथ अपना सकारात्मक सहयोग हमें दे सकें।


