सरकारी विद्यालयों के बच्चों को मिले स्मार्टबोर्ड, सैनेट्री पैड्स व झूले - शालिनी सिंह
सरकारी विद्यालयों के विकास हेतु शालिनी सिंह का दौरा
नोएडा। शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और “डिजिटल नोएडा एनसीआर” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शालिनी सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय शाहपुर गोवर्धनपुर एवं प्राथमिक विद्यालय रोहिल्लापुर का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ नोवरा अध्यक्ष रंजन तोमर एवं युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह भी उपस्थित रहे।

दौरे के दौरान दोनों सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से हाईटेक स्मार्टबोर्ड भेंट किए गए, जिससे बच्चों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई का लाभ मिल सके। यह पहल डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसके साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में “पविका मुहिम” के अंतर्गत छात्राओं को सैनेट्री पैड्स वितरित किए गए, जिससे बालिकाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और वे बिना किसी संकोच के अपनी शिक्षा जारी रख सकें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बास्केटबॉल टीम के साथ समय बिताया गया और बच्चों से संवाद कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। सभी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए झूले भी स्थापित करवाए गए। इन झूलों से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायता मिलेगी, उनकी रचनात्मकता बढ़ेगी, साथ ही विद्यालय का वातावरण अधिक आनंददायक और आकर्षक बनेगा, जिससे बच्चों की उपस्थिति और सीखने की रुचि में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर अजय चौहान, पुनीत राणा, आकाश शर्मा और अध्यापिकाएं मौजूद रहीं।


