सक्षम एनसीआर का भव्य शुभारंभ – समावेशी और सशक्त समाज की ओर एक ऐतिहासिक पहल

सक्षम एनसीआर का भव्य शुभारंभ – समावेशी और सशक्त समाज की ओर एक ऐतिहासिक पहल

भारतीय जनता पार्टी स्थापना दिवस के अवसर पर आज युवा क्रांति सेना के द्वारा “सक्षम एनसीआर” पहल का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य नोएडा एवं एनसीआर क्षेत्र को दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए पूर्णतः सुलभ और समावेशी बनाना है। युवा क्रांति सेना द्वारा प्रारंभ की गई इस महत्वाकांक्षी अभियान के अंतर्गत अगले एक वर्ष में 5000 हजार से अधिक सार्वजनिक स्थानों और इंडस्ट्रीज पर रैंप निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे हजारों लोगों को सुरक्षित, सरल और सम्मानजनक आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

इस पहल का शुभारंभ एनएईसी के अध्यक्ष ललित ठुकराल, सेना की संरक्षक शालिनी सिंह, चेयरमैन लोकेश चौहान तथा अध्यक्ष अविनाश सिंह, आकाश शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर शालिनी सिंह ने कहा कि सक्षम एनसीआर केवल रैंप निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, आत्मनिर्भरता और समान अवसर प्रदान करने का एक संकल्प है। हमारा लक्ष्य एक ऐसा समाज बनाना है, जहां कोई भी व्यक्ति शारीरिक बाधाओं के कारण पीछे न रह जाए।

इस अभियान में नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर का विशेष सहयोग रहेगा। नोएडा, जिसे ‘सिटी ऑफ अपैरल’ के रूप में जाना जाता है, वहां स्थित 1250 से अधिक एक्सपोर्ट उद्योग इकाइयों को भी इस पहल के अंतर्गत सुलभ बनाया जाएगा। रैंप निर्माण के माध्यम से इन इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों, आगंतुकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सहज और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में भी समावेशिता को बढ़ावा मिलेगा जिसके लिए क्लस्टर के अध्यक्ष ललित ठुकराल ने इंडस्ट्री को पत्र लिखने को भी कहा।

इसी क्रम में, इस अवसर पर सेक्टर 41 स्थित सखा एक पहल द्वारा संचालित एनसीआर के प्रथम क्रोशिया स्कूल का भ्रमण भी किया गया। यहां विभा चुघ एवं उनकी समर्पित महिला टीम से मुलाकात हुई। महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्कृष्ट उत्पाद न केवल उनकी रचनात्मकता को दर्शाते हैं, बल्कि यह भी प्रमाणित करते हैं कि आज की नारी आत्मनिर्भर, सशक्त और आर्थिक रूप से सक्षम बन रही है। यह पहल महिला सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है।

इसके अतिरिक्त, टीम द्वारा वैगनिंग टेल के डॉग शेल्टर्स का भी दौरा किया गया। यहां पशु कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया गया, जहां बेसहारा और जरूरतमंद पशुओं को सुरक्षित आश्रय, चिकित्सा सुविधा और देखभाल प्रदान की जा रही है। यह दौरा समाज के प्रति संवेदनशीलता और हर जीव के प्रति करुणा की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।