20 हजार नौनिहालों को जागरूक कर बना रहे आत्मनिर्भर समाज

20 हजार नौनिहालों को जागरूक कर बना रहे आत्मनिर्भर समाज

नोएडा। चैलेंजर्स ग्रुप एवं पुलिस कमिशनेरेट गौतमबुद्ध नगर के संयुक्त प्रयासों में आईओसीएल के सहयोग से "सामुदायिक जागरूकता अभियान" के अंतर्गत जिले स्थित विभिन्न स्कूलों एवं मलिन बस्तियों में बालिकाओं, महिलाओं व लोगों को जागरूक किया जा रहा है जिसके तहत महिला सुरक्षा टीम के साथ विभिन्न विशेषज्ञ अपने स्तर पर अहम भूमिका निभा रहे हैं।

चैलेंजर्स ग्रुप के अध्यक्ष प्रिंस शर्मा ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से अभी तक करीबन 20000 छात्र-छात्राओं व महिलाओं को मंडला आर्ट, टियर एंड पेस्ट, डॉट पेंटिंग, जुम्बा, आत्म रक्षा के गुण, स्टोरी टेलिन्ग, कूडे कचरे से उपयोगी सामान बनाने हेतु प्रशिक्षण दिया जा चुका है जिससे वे अपनी रुचि अनुसार अपने कौशल का विकास कर सकें और आत्मनिर्भर बनें।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही एडीसीपी प्रीति यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य उन समुदायों तक उनके अधिकारों की आवाज को पहुंचाना है जहाँ लोग आज भी अपनी आवाज को उठाने में डर, शर्म और झिझक महसूस करते हैं और अपने साथ हो रहे दुष्कर्मों का शिकार बन रहे होते हैं।

एसीपी सौम्या सिंह ने कहा कि इन जागरूकता कार्यक्रमों को 29 अप्रैल से 31 मई तक प्रमुख रूप से उन संवेदनशील इलाकों में कराया जा रहा है जहाँ रोजाना नौनिहालों एवं महिलाओं को गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ता है जिसके लिए शहर के 20 स्थानों को मुख्य रूप से चयनित किया गया है जिसमें हरोला, सलारपुर, बरोला, सदरपुर, कुलेशरा, गेझा, छजारसी, सुरजपूर, सेक्टर- 10 की झुग्गियाँ, सेक्टर-39 का स्टिलर पार्क आदि स्थान शामिल हैं।