नोएडा में महिला उत्पीड़न, पीछा करने व सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में FIR दर्ज
नोएडा। थाना सेक्टर-20, कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर में एक महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की है।
FIR में ग्राम गिझोड़, नोएडा निवासी दीपक चौहान, ग्राम मामूरा निवासी मनीष चौहान तथा नोएडा निवासी पुनीत चौहान को नामजद आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों द्वारा लंबे समय से घरेलू हिंसा, मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा लगातार पीछा करने जैसी घटनाएं की जाती रही हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों ने महिला का पीछा कर उसकी वीडियो बनाई और उसे रिश्तेदारों, सामाजिक समूहों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल कर उसकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने का प्रयास किया।
पीड़िता के अनुसार, उसने पूर्व में भी पुलिस एवं महिला आयोग में शिकायतें दी थीं, लेकिन आरोपियों के प्रभावशाली होने के कारण कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला और उसके परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सेक्टर-20 पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रकरण की विवेचना निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार बलियान को सौंपी गई है।
यह मामला महिलाओं की सुरक्षा, निजता और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से जुड़े गंभीर प्रश्न खड़े करता है। पीड़िता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।


