यह कैसी कुंठित मानसिकता ,भगवान की प्रतिमा में लगा दी आग

भांवरकोल (गाजीपुर) : मिर्जाबाद के श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के गर्भगृह के अंदर शरारती तत्वों ने आग लगा दी, जिससे हनुमान जी की प्रतिमा को पहनाए गए कपड़े और धार्मिक पुस्तकें जल गईं। देवचंदपुर गांव के निवासी परमहंस प्रजापति ने अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है।

मिर्जाबाद में प्राचीन हनुमान मंदिर का सुंदरीकरण के बाद एक जुलाई को प्रतिमा स्थापित की गई थी। मंगलवार को सुबह देवचंदपुर निवासी परमहंस प्रजापति जब पूजा करने पहुंचे तो वहां एक किशोर मौजूद था। परमहंस परिसर में पूजा करने लगे। थोड़ी ही देर में उस किशोर ने परमहंस से गर्भगृह में आग लगने की सूचना दी। परमहंस पुस्तकों में लगी आग को बुझाया। उस समय मूर्ति में आग नहीं लगी थी। परमहंस आग बुझाने के बाद जब निकल ही रहे थे कि पुनः उसी किशोर ने आग लगने की बात परमहंस से कही। परमहंस लौटकर पुनः गर्भगृह में गए तो देखा कि मूर्ति पर लगा कपड़ा जल रहा था। इसके बाद किशोर भाग गया। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि किशोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।