सेंचुरी में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में सराबोर हुए निवासी
नोएडा। सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में आरडब्ल्यूए के आवाहन पर रविवार को आजादी के उत्सव और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए सेंचुरीवासियों ने पूरे जोश के साथ भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष लगाए, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।

तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों और ढोल की थाप पर बच्चे, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग जमकर झूमे। हाथों में लहराता तिरंगा, गूंजते राष्ट्रभक्ति के नारे और हर आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत कर दिया।
इस अवसर पर टीम AOA ने कहा कि तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज ही नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विशेष रूप से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों की भावना को मजबूत करना है।

यात्रा में शामिल बच्चों का उत्साह विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। छोटे-छोटे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। वहीं महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को पारिवारिक एवं सामाजिक एकता के उत्सव का स्वरूप दे दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी सेंचुरीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए संदेश दिया गया—“हर घर तिरंगा, हर हाथ तिरंगा, हमारी आन-बान-शान तिरंगा।” “एकता की पहचान तिरंगा, भारत का स्वाभिमान तिरंगा।”
वी. के. टमटा
महासचिव
टीम AOA, सेंचुरी अपार्टमेंट, सेक्टर-100, नोएडा


