नोएडा में ऐतिहासिक ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ का भव्य शुभारंभ, हजारों की संख्या में संगत ने की शिरकत
रणजीत सिंह खालसा ढडरियां वाले के कीर्तन एवं आध्यात्मिक विचारों से मंत्रमुग्ध हुई संगत। पद्मश्री विक्रमजीत सिंह साहनी सहित अनेक गणमान्य हस्तियां रहीं उपस्थित।
नोएडा। सेक्टर 21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में‘आओ प्यारिओ दशमेश जी वल्ल मुड़िए’ लहर के अंतर्गत श्री गुरु नानक देव जी एवं श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी को समर्पित दो दिवसीय ऐतिहासिक ‘गुरु मान्यो ग्रंथ चेतना समागम’ का भव्य शुभारंभ हुआ।
इस पावन अवसर पर रणजीत सिंह खालसा ढडरियां वाले एवं उनके साथियों ने भव्य कीर्तन दरबार में हाजिरी भरी। पूरे नोएडा एवं एनसीआर से हजारों की संख्या में गुरु प्यारी संगत ने पहुंचकर गुरबाणी एवं कीर्तन का श्रवण किया।

गुरु दरबार का मनमोहक दृश्य देखते ही बनता था। एक ओर श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज का पावन प्रकाश और दूसरी ओर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भाई साहिब जी के आध्यात्मिक विचारों ने संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने नाम सिमरन, गुरबाणी से जुड़ने तथा मानव जीवन को सार्थक बनाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
गणमान्य अतिथियों की रही विशेष उपस्थिति
इस ऐतिहासिक आयोजन में पद्मश्री सरदार विक्रमजीत सिंह साहनी, राज्यसभा सांसद ने विशेष रूप से पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सुखविंदर सिंह बब्बर, ऑक्सीजन मैन के नाम से विख्यात सरदार गुरप्रीत सिंह रमी एवं संजय बाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने समागम में शिरकत की।
आयोजन समिति की ओर से मुख्य संरक्षक हरजीत सिंह साहनी, संरक्षक सरबजीत सिंह, नवनीत अरोड़ा, संयोजक रणधीर सिंह, चेयरमैन परमजीत सिंह, अध्यक्ष भूपिंदर सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तेजपाल सिंह अरोड़ा, गुलजीत सिंह, उपाध्यक्ष महिंदर सिंह, अश्वनी सिंह, महासचिव हरमीत सिंह सग्गू, सचिव डिंपल आनंद, कोषाध्यक्ष सुखदीप सिंह एवं प्रिंट व सोशल मीडिया प्रभारी मनिंदर सिंह उपस्थित रहे।
29 नवंबर को भी जारी रहेगा गुरमत समागम आयोजकों के अनुसार यह समागम 29 नवंबर 2026 को भी शाम 6:00 बजे से रात 10:00 बजे तक नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए में आयोजित होगा। अरदास के उपरांत गुरु का अटूट लंगर भी वितरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 29 नवंबर को शाम 5:00 बजे गुरुद्वारा श्री गुरु हरकृष्ण साहिब, सेक्टर-12, नोएडा में अमृत संचार का आयोजन किया जाएगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में समूह गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, गौतम बुद्ध नगर का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
आयोजकों की संगत से विशेष अपील आयोजकों ने समस्त संगत, सभी धर्मों के श्रद्धालुओं एवं नोएडा-एनसीआर के निवासियों का आज के कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही सभी से विनम्र अपील की कि वे 29 नवंबर को भी अपने परिवार एवं मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करें और इस पावन समागम को और भी भव्य एवं सफल बनाएं।
इस समागम का मुख्य उद्देश्य श्री गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक संदेश ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में प्रेम, सेवा, सद्भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।


