सड़क की वास्तविक सफाई करने के बजाय हवा में ही स्विपिंग करती नजर आई नॉर्थ इंडिया डेवलपर्स की मशीन
नोएडा। सेक्टर-62 से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रही मैकेनिकल स्विपिंग की एक वीडियो ने शहर की सफाई व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि नॉर्थ इंडिया डेवलपर्स की मशीन सड़क की वास्तविक सफाई करने के बजाय हवा में ही स्विपिंग करती नजर आ रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कार्य केवल औपचारिकता और कागजी खानापूर्ति तक सीमित है। यह पहली बार नहीं है जब इस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं, इससे पहले भी कई बार ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं, जिनमें मशीनें सिर्फ किलोमीटर पूरा करने और भुगतान लेने के उद्देश्य से चलाई जाती दिखाई दी हैं यह कहना है युवा क्रांति सेवा के संस्थापक अविनाश सिंह का।
इस मामले पर युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सीधे तौर पर नोएडा की जनता के पैसे और विश्वास के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के नाम पर इस प्रकार की लापरवाही न केवल शहर की छवि को धूमिल कर रही है, बल्कि सरकार की “स्वच्छता” संबंधी मंशा को भी कमजोर कर रही है। उन्होंने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ से मांग की है कि इस पूरे मामले की तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी एजेंसी नॉर्थ इंडिया डेवलपर्स पर सख्त आर्थिक दंड लगाया जाए तथा बार-बार की लापरवाही को देखते हुए इसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल एजेंसी पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी, बल्कि उन प्राधिकरण अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए जो लगातार इस एजेंसी को संरक्षण दे रहे हैं और इसके कार्यों को अनदेखा कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरुद्ध भी कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी एजेंसी को इस प्रकार की लापरवाही करने का साहस न हो।


