झोलाछाप चिकित्सालयों पर डीएम ने दिया सख्त कार्रवाई का आदेश
गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने नहरों की सिल्ट सफाई में लापरवाही बरतने और फोन नहीं उठाने की शिकायत पर देवकली पंप नहर के एई प्रथम एवं द्वितीय का वेतन रोकने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारी द्वय से स्पष्टीकरण भी तलब किया। वे शासन के निर्धारित बिंदुओं के विकास कार्यों की सोमवार को समीक्षा कर रही थीं।

इस अवसर पर उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं के ओवर चार्जिंग बिल की शिकायत पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। समस्त खंड विकास अधिकारी को अपने-अपने विकास खंड पर विद्युत आपूर्ति का रजिस्ट बनाकर कितने घंटे विद्युत सप्लाई मिल रही है कि जानकारी देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति के बाद बजट के सापेक्ष लक्ष्यों को पूरा करें।
उन्होंने जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार के व्यक्तियों का गोल्डेन कार्ड बनाते हुए इसमें तेजी लाने तथा जनपद के झोलाछाप चिकित्सालयों पर टीम बनाकर जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। निवेश मित्र एवं झटपट पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का त्वरित गति से निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का टीकाकरण एंव सहभागिता योजना में पात्र लोगोंको जागरूक करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं के संबंध में स्टाफ के साथ समीक्षा कर समयान्तर्गत कार्य कराना सुनिश्चित करें। साथ ही योजनाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए।


