जीवित्पुत्रिका पर व्रती महिला का गले से चेन चुराते हुए महिला गिरफ्तार
गाज़ीपुर कोतवाली क्षेत्र के बलुआ घाट पर शुक्रवार को जीवित्पुत्रिका पर्व पर व्रती महिलाएं पूजा- पाठ कर रहीं थीं। इसी दौरान एक महिला ने व्रती महिला के गले से सोने की चेन उड़ा दी। लेकिन चेन जमीन पर गिर गई। जैसे ही आरोपी महिला ने चेन को उठाने का प्रयास किया वहां मौजूद अन्य महिलाओं ने उसे पकड़ लिया और चिल्लाने लगीं। आवाज सुनकर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर कोतवाली लेकर आई। पीड़ित हरपुर निवासी रचना देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर आरोपी महिला से पूछताछ की। इस संबंध में कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी महिला शहर कोतवाली के महराजगंज निवासी शीला देवी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।


