नेकी की पाठशाला द्वितीय का हुआ शुभारंभ

नेकी की पाठशाला द्वितीय का  हुआ शुभारंभ

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, सेक्टर-10, वैदपुरा स्थित महागुन मंत्रा-2 में आज “नेकी का डब्बा फाउंडेशन” की पहल “नेकी की पाठशाला - द्वितीय (एक कदम क से ज्ञ की ओर)” का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस शिक्षा अभियान की शुरुआत 12 बच्चों के साथ हुई, जिन्होंने अपनी सीखने की जिज्ञासा और ऊर्जा से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में बच्चों ने कविताएं प्रस्तुत कीं, चेहरे के अंगों के नाम सीखे और रंगों की पहचान खेल-खेल में की।

फाउंडेशन के संस्थापक गिरीश चंद्र शुक्ला ने कहा: “शिक्षा से वंचित बच्चा केवल स्वयं नहीं, बल्कि पूरा समाज अपने उज्ज्वल भविष्य से वंचित हो जाता है। यह पाठशाला वंचित बच्चों को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने का एक प्रयास है।

”शालिनी गुप्ता और जेपी जैन ने बताया कि “नेकी की पाठशाला” प्रतिदिन संचालित होगी। वॉलंटियर्स द्वारा उन बच्चों को चिन्हित किया जाएगा जो स्कूल नहीं जा पाते। उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी और अनुपस्थित बच्चों को पुनः जोड़कर बाद में स्कूलों में दाखिला दिलाया जाएगा।

पाठ्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ शिष्टाचार, आत्मनिर्भरता और नैतिक मूल्यों पर भी जोर दिया जाएगा। 
इस अवसर पर प्रमुख वॉलंटियर्स जेपी जैन, शालिनी गुप्ता, प्रियंका, तनबीर, ऋतिका, ममता सिंह, अमितेश, राहुल, विनय और रविंदर उपस्थित रहे। सभी वॉलंटियर्स और सहयोगियों का उनके योगदान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया गया।“नेकी की पाठशाला” वंचित बच्चों को शिक्षा से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।