पर्यटकों की जघन्य हत्या के विरोध में व्यापारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन
नोएडा। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में निर्दोष पर्यटकों की जघन्य हत्या के विरोध में नोएडा के व्यापारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम सिटी मजिस्ट्रेट, नोएडा को ज्ञापन सौंपा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल व नोएडा टेक्निकल एसोसिएशन, नोएडा जेनरेटर मार्केट के सैकड़ों सदस्य हरौला सेक्टर 5 से जुलूस में शामिल हुए और इस मौके पर पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
व्यापार प्रतिनिधि मंडल नोएडा के चेयरमैन नरेश कुच्छल व अध्यक्ष राम अवतार सिंह ने कहा कि पहलगाम में आतंकी कार्रवाई पाकिस्तान का षड्यंत्र है। इसलिए भारत सरकार पाकिस्तान के साथ सभी तरह के संबंधों को समाप्त करे और इस नृशंस कृत्य के लिए दोषियों को कठोर दंड दे। साथ ही
सरकार ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए कठोर कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पहलगाम में सेना की वर्दी में आए आतंकवादियों ने 26 से अधिक नागरिकों की हत्या कर दी। आतंकियों ने पहले धर्म पूछा और परिचय पत्र की जांच की। यह जम्मू क्षेत्र में पिछले 6 वर्षों की सबसे बड़ी घटना है। यह हमला अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले हुआ।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में धारा 370 हटाने और नोटबंदी जैसे कदमों के बावजूद आतंकी घटनाएं जारी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करे, क्योंकि पूर्व में भी इंटेलिजेंस की विफलता से बड़ी घटनाएं हुई हैं, लेकिन सरकार ने इनसे सबक नहीं लिया।
इस मौके पर प्रतिनिधि मंडल के चेयरमैन नरेश कुच्छल, अध्यक्ष राम अवतार सिंह, वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी, सुभाष त्यागी सोहनवीर सिंह वीरपाल, कृष्ण त्यागी, दीपक दुबे, वीरेंद्र, विपिन अग्रवाल, मूलचंद गुप्ता, पीयूष वालिया, ओमपाल शर्मा, राधेश्याम गोयल, सतनारायण गोयल, दिनेश महावर, बृजमोहन आदि शामिल रहे।


