याशिका और निक्की ने सीए की परीक्षा की पास
जहाँगीराबाद। जहाँगीराबाद की दो बेटियों ने सीए की परीक्षा पास कर नगर व अपने माता पिता का नाम रोशन किया है। दोनों बेटियों की कामयाबी पर परिजनों में हर्ष का माहौल है और लगातार उनके घर बधाई देने के लिए लोग पहुँच रहे हैं।
नगर के शिव कुमार अग्रवाल जनता इंटर कॉलेज के शिक्षक के पद पर तैनात नीरज वार्ष्णेय की पुत्री याशिका वार्ष्णेय ने सीए फाइनल ग्रुप में 194 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। याशिका वर्ष 2018 से सीए की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी माँ स्नेह वार्ष्णेय एक साधारण गृहिणी हैं। याशिका ने वर्ष 2016 में नगर के सेंट जोसेफ स्कूल में हाई स्कूल में 83 प्रतिशत व इंटरमीडिएट में 88.25 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। याशिका ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीकॉम की थी।
नगर के गांधी चौक निवासी किराना व्यापारी कमल अग्रवाल की पुत्री निक्की अग्रवाल ने सीए की परीक्षा 200 अंकों के साथ पास की है। निक्की ने भी वर्ष 2016 में सेंट जोसेफ स्कूल से 87 प्रतिशत अंकों के साथ हाई स्कूल और 90 प्रतिशत अंकों के साथ इंटरमीडिएट पास की थी। उन्होंने आरडीपीडी कॉलेज से बीकॉम की थी। निक्की की मां सोनी अग्रवाल साधारण गृहिणी हैं। याशिका और निक्की दोनों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता व गुरुजनों को दिया है।


