ज़ूम मन्दिर एप विश्व के कोने-कोने से 6000 से अधिक भक्तों का कर रहा है मार्गदर्शन
जन सामान्य को घर बैठे भक्ति प्रदान करने के उद्देश्य से परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज के तत्वाधान में एक ज़ूम मन्दिर चलाया जा रहा है। लोकनाथ स्वामी महाराज इस्कॉन भारत के क्षेत्रीय सचिव एवं एक संन्यासी गुरु हैं। वे अन्तर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (ISKCON) के संस्थापकाचार्य कृष्णकृपामूर्ति श्रीमद ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद के निजी एवं वरिष्ठ शिष्यों में से एक हैं।
श्रील प्रभुपाद द्वारा विरचित श्रीमद भगवदगीता एवं श्रीमद भागवतम् के शिक्षाओं को प्रसारित करने एवं जन सामान्य के जीवन में सुख, समृद्धि, एवं शान्ति की स्थापना करने हेतु परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज के निर्देशन में एक ज़ूम मन्दिर चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से पूरे विश्व के किसी भी कोने में बैठे भक्त स्वयं को आध्यात्मिक जगत के साथ जोड़ सकते हैं।

इस ज़ूम मन्दिर पर सभी भक्त ज़ूम एप का प्रयोग करके महाराज के साथ हरे कृष्ण महामन्त्र का जप करते हैं तथा वैदिक शिक्षाओं पर आधारित प्रवचन का श्रवण करते हैं। यह ज़ूम मन्दिर विगत तीन वर्षों से, प्रतिदिन विश्व के कोने-कोने से 1801 से अधिक भक्तों का मार्गदर्शन कर रहा है। इसमें अमेरिका, रूस, फ़्रांस, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया एवं मिडल ईस्ट सहित लगभग 15 देशों के भक्त एक साथ मिलते हैं एवं मन्त्र मेडिटेशन करते हैं।
यह विश्व भर के भक्तों के लिए एक ऑनलाइन एसोसिएशन प्लेटफ़ॉर्म प्रदान करने वाले सबसे पहले सफल प्रयासों में से एक रहा है जहाँ वे अपनी आध्यात्मिक प्रथाओं को बनाए रख सकते हैं और सुधार सकते हैं। इसने लोगों को ज़ूम को सिर्फ़ एक मीटिंग प्लेटफ़ॉर्म नहीं बल्कि 'ज़ूम मन्दिर' के रूप में देखने के लिए प्रेरित किया है। यहाँ तक कि यह ज़ूम मन्दिर नये नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
इसी शृंखला में आने वाले बुधवार, 17 जुलाई 2024, शयनी एकादशी, के दिन वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स लन्दन में विश्व कीर्तिमान बनाने जा रहा है जिसमें किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आध्यात्मिक साधना के लिए एकत्र होने वाले 5000 लोगों के एक साथ जुड़ने की आशा की जा रही है। आशा है कि भक्तगण इस ज़ूम मन्दिर के माध्यम से अपने जीवन में सुख, समृद्धि एवं प्रसन्नता का अनुभव कर सकेंगे।


