भगवा ध्वज दिखाकर भगवा रैली का किया शुभारंभ

भगवा ध्वज दिखाकर भगवा रैली का किया शुभारंभ

नोएडा। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि को अखिल भारत हिन्दू महासभा, नर्मदा संभाग एवं इटारसी नगर द्वारा विशाल भगवा रैली का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने किया। मुन्ना कुमार शर्मा ने भगवा ध्वज दिखाकर भगवा रैली का शुभारंभ किया। रैली में सैकड़ों हिन्दू महासभा कार्यकर्ता, महिलाएं और पुरुष सम्मिलित हुए। कई किलोमीटर की रैली में सड़कों के किनारे खड़े होकर हजारों इटारसी नगरवासियों ने रैली का स्वागत किया। कई चौराहों पर नगर के सम्मानित नागरिकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया।

इटारसी नगर के प्रतिष्ठित जय स्तंभ चौक पर हजारों उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने केंद्र सरकार से मांग की कि देश में एक समान नागरिक कानून, जनसंख्या नियंत्रण कानून, राष्ट्रीय स्तर पर गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने का कानून शीघ्र लागू किया जाए। उन्होंने घोषणा किया कि जिस तरह हिन्दू महासभा ने अयोध्या में भगवान रामजन्मभूमि को मुक्त कराया है, उसी प्रकार से मथुरा स्थित श्रीकृष्णजन्मभूमि और काशी विश्वनाथ मंदिर को मुक्त करायेगी और भव्य मंदिर का निर्माण करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार से कश्मीर से विस्थापित कश्मीरी हिंदुओं की वापसी कराने और उनकी संपत्ति वापस दिलाने की मांग की। उन्होंने हिन्दू नववर्ष और भगवा रंग की विशेषता का भी वर्णन किया। उन्होंने सभी इटारसी नगरवासियों और देशवासियों को हिन्दू नववर्ष और नवरात्री की शुभकामनाएं दीं। भगवा रैली में मध्यप्रदेश हिन्दू महासभा के प्रदेश संगठन मंत्री कन्हैयालाल रैकवार, बालविहारी मालवीय, श्रीमति शशिकला रैकवार, उमेश चौधरी सहित सैकड़ों नगरवासी सम्मिलित हुए।