छठ पूजा की तैयारियां जोरों पर, 8 नवम्बर से नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व होगा शुरू
नोएडा।PNI News। अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व श्रीछठ पूजा समिति,सेक्टर-75 के संस्थापक मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया है कि सूर्योपासना के महान पर्व छठ की तैयारियां सेक्टर-75 में जोरों से शुरू हो गई हैं।भगवान सूर्य को अर्घ्य देने हेतु सेक्टर-75 के गोल्फसिटी,प्लाट-8 में छठ घाट निर्मित हो चुका है।घाट में जल, प्रकाश आदि की व्यवस्था की जा रही है।श्री शर्मा ने बताया कि सूर्योपासना का महान छठ पर्व 8 नवंबर को कार्तिक शुक्ल चतुर्थी के दिन नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है।9 नवंबर को कार्तिक शुक्ल पंचमी के दिन खरना की पूजा होगी।10 नवंबर को कार्तिक शुक्ल षष्ठी के सायंकाल अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा।11 नवंबर को कार्तिक शुक्ल सप्तमी के प्रातःकाल उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा तथा चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो जायेगा।


