संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
गाजीपुर भांवरकोल थाना क्षेत्र के फिरोजपुर में सांदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार की शाम विवाहिता कुसुम की मौत हो गई। पुलिस ने आज रविवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के भाई जिउत यादव की तहरीर पर पति,ससुर तथा ननदोई के खिलाफ दहेज उत्पीड़न (डीपी एक्ट) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि दूसरे दिन मायके पक्ष द्वारा हस्तक्षेप के कारण मृतका कुसुम देवी (22)पत्नी अविनाश यादव के शव का अंतिम संस्कार नहीं हो सका और शव फिरोजपुर में मृतका के पति के दरवाजे पर ही पड़ा है। कुसुम देवी की शादी गत वर्ष दिसम्बर में फिरोजपुर में रामाशीष यादव के पुत्र अविनाश यादव के साथ धूमधाम से हुई थी। अभी चार दिन पूर्व वह अपने मायके बलिया जिला के नरहीं थाना क्षेत्र के कोट अजोरपुर से ससुराल आई थी । शुक्रवार की देर शाम अचानक उसकी मौत हो गई। ससुरालियों का कहना है कि घर पर उस समय कोई नहीं था । कुछ कटी सब्जी देखने से लगता है कि वह सब्जी काट रही होगी। सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष की कुछ महिलाएं भी मृतका के ससुराल पहुंच गईं तथा मृतका के भाई के आने तक शव को कहीं भी हटाने से मना कर दिया था। थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि इस संबंध में मृतका के भाई की ओर से तहरीर मिली है । मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


