विश्व भारती विमेन वेलफेयर इंस्टीट्यूट की मिनी मैराथन में 200 छात्रों ने लिया भाग
नोएडा। विश्व भारती विमेन वेलफेयर इंस्टीट्यूट की प्लैटिनम जुबली के उपलक्ष्य में विश्व भारती पब्लिक स्कूल, नोएडा में एक भव्य मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में दिल्ली-एनसीआर के 12 विद्यालयों के लगभग 200 छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।फिट इंडिया के स्लोगन “फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने पूरे जोश और ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित व्यायाम और अनुशासन ही एक स्वस्थ और सफल जीवन की कुंजी है।उन्होंने कहा कि देश का बेटा बनने की आवश्यकता है बच्चों को। उन्होंने युवाओं को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा शारीरिक गतिविधि में लगाने की सलाह दी।
मैराथन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती अमिता गंजू जी ने एवं डॉ परवेज अली जी ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की और विजेताओं को सम्मानित किया।
यह आयोजन न केवल प्रतियोगिता का मंच बना, बल्कि छात्रों के लिए स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का संदेश भी लेकर आया। इसमें ओवरऑल चैंपियनशिप बॉयज तथा गर्ल्स में विश्व भारती पब्लिक स्कूल नोएडा ने जीती।द्वितीय स्थान सफायर इंटरनेशनल तथा विश्व भारती पब्लिक स्कूल द्वारका ने तथा तृतीय स्थान विश्व भारती पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा ने प्राप्त किया।


