आईएमएस नोएडा में 'बियॉन्ड द बुक्स' कार्यक्रम का आयोजन

आईएमएस नोएडा में 'बियॉन्ड द बुक्स' कार्यक्रम का आयोजन

नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस) नोएडा में आइडिया शेयरिंग वर्कशॉप का आयोजन हुआ। सोमवार को कार्यक्रम के दौरान बतौर वक्ता ईरिक्रूट.कॉम के सीईओ अजय गोयल ने अपने विचार व्यक्त किए। वहीं संस्थान द्वारा आयोजित इस स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम में आईएमएस स्किल डेवलपमेंट सेंटर की सलाहकार पूजा तलवार एवं संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने अपनी मौजूदगी दर्ज करायी।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि छात्रों में समग्र विकास के लिए व्यवहारिक अनुभव एवं नई तकनीकों की समझ होना जरूरी है। आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि वास्तविक जीवन की चुनौतियों से निपटने के लिए विद्यार्थियों को आधुनिक कौशल और नवाचार अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बियॉन्ड द बुक्स छात्रों को उद्योग से जोड़ने के साथ-साथ उन्हें अपने विचार साझा करने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का भी अवसर प्रदान करती है।

मुख्य वक्ता अजय गोयल ने छात्रों को नवीनतम उद्योग प्रवृत्तियों, कौशल विकास और करियर ग्रोथ के महत्व पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में कंपनियां केवल डिग्री नहीं बल्कि व्यावहारिक कौशल और समस्याओं के समाधान की क्षमता को अधिक महत्व देते हैं। उन्होंने छात्रों को नवीनतम तकनीकों, डिजिटल परिवर्तन और इंडस्ट्री 4.0 के प्रभाव को समझने के लिए प्रोत्साहित किया।

आईएमएस स्किल डेवलपमेंट सेंटर की सलाहकार पूजा तलवार ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यशाला उनके लिए नए अवसरों को पहचानने और अपने विचारों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने का एक बेहतरीन मंच है। उन्होंने छात्रों को रचनात्मक सोच विकसित करने और नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया। संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की संयोजक प्रो. शोभा त्रिपाठी एवं प्रो. ज्योति त्रिपाठी ने बताया कि छात्रों के व्यक्तिगत और पेशेवर विकास को बढ़ावा देने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। आइडिया शेयरिंग वर्कशॉप" का उद्देश्य छात्रों को अपने विचारों को साझा करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करना है।