कोरोना काल में शहीद हुए पत्रकारों की स्मृति में देश के पहले स्मारक का निर्माण शुरू
स्मारक त्रिभुजाकार होगा, जो मीडिया के तीनों हिस्सों प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल का प्रतीक बनेगा
नोएडा: कोरोना के दौर में काल कवलित हुए देश के करीब 500 पत्रकारों की स्मृति में नोएडा के सेक्टर 72 के स्मृति वन में स्मारक का निर्माण शुक्रवार को शुरू हो गया। स्मारक का निर्माण करा रहे नोएडा मीडिया क्लब ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष पंकज पाराशर ने बताया कि स्मारक का निर्माण कार्य दो माह में पूरा हो जाएगा और इस पर राज्यवार दिवंगत पत्रकारों के नाम अंकित कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्मारक गोलाकार आधार पर त्रिभुजाकार होगा, जो मीडिया के तीनों हिस्सों प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल माध्यमों का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इन पर दिवंगत पत्रकारों के नाम उत्कीर्ण किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि नोएडा अथॉरिटी ने शहर के सेक्टर-72 'स्मृति वन' में यह स्मारक बनाने के लिए भूमि आवंटित की है। उन्होंने बताया कि नोएडा मीडिया क्लब की टीम ने देशभर में पत्रकारों की संस्थाओं, राज्य सरकारों और गैर सरकारी संगठनों से संपर्क करके डाटा एकत्र किया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए यह देश का पहला और इकलौता स्मारक है।
भूमि पूजन व हवन आर्चाय अशोक मिश्रा के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस मौके पर पंकज पाराशर, सुरेश चौधरी, निरंकार सिंह,विनोद राजपूत, इक़बाल चौधरी, अश्विनी श्रीवास्तव , रिंकू यादव, हरवीर चौहान, राजकुमार चौधरी, सौरभ राय, राघवेंद्र दुबे, अनिल, देवमणि शुक्ला सहित अन्य मौजूद रहें।


