गोली मारने वाले तिन आरोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल

गोली मारने वाले तिन आरोपित गिरफ्तार,  भेजे गए जेल

मरदह थाना क्षेत्र के उच्चौर गांव के सिवान में सोमवार की देर शाम मंदिर से घर जा रहे युवक को हमलावरों ने पुरानी रंजिश में गोली मार दी थी। गोली युवक के दाहिने बाजू में लगी थी। घायल का उपचार वाराणसी ट्रामा सेंटर में चल रहा है। इधर घटना के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस ने घायल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के साथ तीन हमलावरों को धर-दबोचा और पूछताछ के बाद चालान कर दिया।

मालूम हो कि नसीरुद्दीनपुर गांव के अश्वनी गिरी (38) देर शाम ब्रह्मबाबा मंदिर में पूजा करने गए थे। उच्चौर गांव के सिवान में पहले से घात लगाकर बैठे तीन हमलावरों ने जान मारने की नीयत से उसपर तमंचे से फायर झोंक दिया था। गोली अश्वनी गिरी के दाहिने हाथ में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े । शोर मचाने पर जब-तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते अंधेरे का फायदा उठाकर हमलावर गांव की तरफ पैदल भाग निकले।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मरदह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया था। जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने घायल को दूसरे दिन ट्रामा सेंटर वाराणसी भेज दिया, जहां उपचार चल रहा है। इधर पुलिस ने अश्वनी गिरी के बयान और तहरीर पर नसीरुद्दीनपुर गांव निवासी तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दिया था।

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने गांव के सिवान से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त तमंचे की तलाश में जुट हुई है, लेकिन सिवान में धान की फसल और खेतों में पानी होने के कारण अभी तक तमंचा पुलिस के हाथ नहीं लग सका है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह ने बताया कि घायल की तहरीर पर गांव के ही गामा यादव, नंदलाल यादव, नेहरू कुशवाहा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया है।