दिल्ली एनसीआर में 350 किलोमीटर चल रही मेट्रो , 65 किलोमीटर पर काम जारी भारत की बढ़ती शक्ति का प्रतीक है मेट्रो - रंजन तोमर
नॉएडा। देश में मेट्रो का जाल बिछता जा रहा है , खासकर दिल्ली एनसीआर में तो लगातार मेट्रो का विस्तार अविश्वश्नीय गति से हो रहा है , इस दौरान शहर के समाजसेवी श्री रंजन तोमर ने आरटीआई के माध्यम से यह जानकारी मांगी थी , इसके जवाब में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के जनरल मैनेजर और जनसूचना अधिकारी श्री संजय कुटे ने जानकारी दी है की फिलहाल दस लाइन के माध्यम से 349 . 16 किलोमीटर मेट्रो दिल्ली एनसीआर में चल रही है। इसके अलावा फेज 4 में ऐरोसिटी से तुग़लकाबाद की 29 . 262 किलोमीटर लाइन, जनकपुरी से आरके पुरम की 23 . 622 किमी लाइन एवं मजलिस पार्क से मौजपुर की 12. 320 किमी लाइन जो कुल 65. 202 किमी बैठती है पर काम जारी है और जल्द ही यह भी मेट्रो रूट में शामिल हो जाएँगी अर्थात 410 किलोमीटर से ज़्यादा मेट्रो दिल्ली एनसीआर में चलने लग जाएगी जो देश की उन्नति में बेहद कारगर होगी और किसी भी देश की सबसे मज़बूत सार्वजानिक परिवहन प्रणाली में शामिल होगी।
रंजन तोमर ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा की जिस तरह मेट्रो का विस्तार हो रहा वह वाकई काबिल ए तारीफ है , पर्यावरण संरक्षण हेतु और क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम हेतु सार्वजानिक परिवहन प्रणाली को मज़बूत बनाने हेतु यह बेहद कारगर कदम है और इससे यहाँ बसने वाली आबादी को बहुत फ़ायदा होगा। यह देश की लगातार बढ़ती वित्तीय शक्ति का भी द्योतक है। नॉएडा में भी एनएमआरसी के माध्यम से जल्द मेट्रो का विस्तार होना चाहिए जिसका प्लान कई बार कमज़ोर पड़ चुका है।


