बाल दिवस के उपलक्ष्य में लोक कल्याण समिति ने बच्चों को स्कूल बैग बांटे
हरेश उपाध्याय की रिपोर्ट...
नई दिल्ली : शाहदरा जिला में नंद नगरी स्थित लोक कल्याण समिति ने बाल दिवस के उपलक्ष्य में, तकरीबन 400 बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए। ज्ञातव्य हो कि उक्त संस्था 1952 से लगातार गरीब व जरूरतमंद की शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था में पहली से दसवीं कक्षा तक के बच्चों को सुबह और शाम की पाली में पढ़ाया/ शिक्षा दी जाती है। इसके अलावा लड़कियों को सिलाई और ब्यूटीशियन के कोर्स भी करवाए जाते हैं।संस्था से कोर्स करने के बाद सैकडो लड़कियों ने स्वरोजगार को अपनाया है और वे अपने पैरों पर खड़ी हुई हैं।शिक्षा के अलावा यहां निशुल्क आंखों के मोतियाबिंद का आपरेशन भी किया जाता है,अभी तक करीब 66000 लोगों का निशुल्क आपरेशन किया जा चुका है। इस मौके पर मुख्य अतिथि एसीपी अक्षय रस्तोगी ने कहा कि संस्था गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए कार्य कर रही है और शिक्षा का जीवन में उतना ही महत्व है, जितना की भोजन का।बिना शिक्षा के चरित्र निर्माण करना और अपराध रोकना असंभव है। संस्था अपने नाम के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार क्षेत्र में जो काम कर रही है। इसके प्रयास काफी सराहनीय है। इस मौके पर कर्नल राजेश लखनपाल ने बताया कि लोक कल्याण समिति 1952 से लगातार मानव सेवा का कार्य कर रही है और मानव सेवा सर्वोत्तम सेवा है। शिक्षा और चिकित्सा पर प्रत्येक व्यक्ति का समान अधिकार है और सभी को यह मिलनी भी चाहिए।इस मौके पर इम्वा अध्यक्ष राजीव निशाना,रविन्द्र कुमार,जयवीर सिंह तोमर सहित संस्था के कई पदाधिकारी मौजूद रहें।


