बसुका फिर चर्चा मे, संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
गाजीपुर गहमर कोतवाली क्षेत्र के बसुका गांव में मंगलवार की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। शव घर के एक कमरे में पड़ा हुआ था और मृतका के गले में फंदा लगा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। वहीं परिजनों के द्वारा गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या एंगल से मामले की जांच में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
बसुका गांव निवासी हसनैन अली की पत्नी शगुफ्ता बेगम (32 )अपने ही घर के एक कमरे में मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। स्कूल से घर लौटी बच्चियों ने कमरे में मां के शव को देखकर शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। मृतका के गले में दुपट्टे का फंदा लगा था।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना पर जमानिया सीओ विजय आनंद शाही के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन की। मृतका के पति ने गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग और अश्लील वीडियो का हवाला देते हुए हत्या का अंदेशा जताया है। मालूम हो कि बीते कुछ महीनों से बसुका गांव में नृत्य कला के नाम पर अश्लीलता और वेश्यावृत्ति का मामला चर्चा में रहा है। इस संबंध में जमानिया सीओ विजय आनंद शाही ने कहा कि मामले की छानबीन चल रही है।


