स्कूलों में डिजिटल क्रांति और पविका मुहिम के साथ शालिनी का जागरूकता अभियान तेज
“डिजिटल नोएडा एनसीआर” और सामाजिक सशक्तिकरण के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शालिनी सिंह ने आज सेक्टर 31 बी एस मेमोरियल पब्लिक स्कूल का दौरा युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह के साथ किया।
इस अवसर पर विद्यालय को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने हेतु स्मार्ट बोर्ड भेंट किया गया, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से बेहतर और इंटरैक्टिव शिक्षा मिल सके। साथ ही “पविका मुहिम” के अंतर्गत छात्राओं के बीच मासिक धर्म जैसे विषय पर खुलकर चर्चा की गई और यह संदेश दिया गया कि यह कोई वर्जना नहीं बल्कि एक स्वाभाविक प्रक्रिया है। इसके अंतर्गत छात्राओं को सैनेट्री पैड्स भी वितरित किए गए, जिससे उनमें स्वच्छता के प्रति जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़े।
इसके अतिरिक्त “सक्षम एनसीआर” पहल के तहत विद्यालय को दिव्यांग बच्चों के लिए पूर्णतः सुलभ बनाने का संकल्प लिया गया। यह कार्य आगामी एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया, जिससे समावेशी शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।
शालिनी सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि उसे आधुनिक, सुलभ और संवेदनशील बनाना है। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से बच्चों को बेहतर सीखने का अवसर मिलेगा और ‘पविका मुहिम’ के जरिए हम समाज में जागरूकता लाने का प्रयास कर रहे हैं। ‘सक्षम एनसीआर’ के तहत हर स्कूल को दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल बनाना हमारी प्राथमिकता है।
युवा क्रांति सेना के संस्थापक सदस्य एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश अंबावता ने कहा कि यह पहल विद्यालय और विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है। स्मार्ट शिक्षा और स्वच्छता संबंधी जागरूकता से बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा।
इस दौरान कार्यक्रम में आकाश शर्मा, प्रिया कुमारी, प्रवीण सहित विद्यालय का समस्त फैकल्टी स्टाफ भी उपस्थित रहा।


