कुरान में एक ही रंग का जिक्र, वो है भगवा रंग: आरिफ मोहम्मद खान
पणजी: पाञ्चजन्य के गोवा सागर मंथन : सुशासन संवाद के चौथे संस्करण में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने कहा कि भारत बचाने के लिए पश्चिम बंगाल जीतना होगा। बंगाल में कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं, बल्कि एक सभ्यतागत युद्ध है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पिछले 8-9 महीने से चल रही थी। निर्णय होने पर घोषणा हुई। इसमें चौंकाने का भाव हो सकता है लेकिन यह कोई साजिश नहीं है। जिस दिन निर्णय हुआ उसी दिन सार्वजनिक हुआ। वर्तमान चुनावी परिस्थितियों के कारण भी अध्यक्ष के चुनाव में समय लगा।

बीएल संतोष ने मंच से अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा में आंतरिक अनुशासन को बहुत महत्व दिया जाता है। पार्टी में आंतरिक असहमति के लिए पूर्ण स्वतंत्रता है। हमारी पार्टी में लोकतंत्र है। संगठन चलाने में हमें 100 प्रतिशत आजादी है। हमारे लिए सत्ता भोग के लिए नहीं है। सत्ता अपने विचार को आगे बढ़ाने का मार्ग है। जहां सत्ता मिली, वहां विचार लागू किए। राष्ट्रहित के लिए सत्ता हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं को क्षति पहुंचा रहा है। हम किसी भी तरह के राजनीतिक विरोध का निष्पक्षता से सामना करने को तैयार हैं। लेकिन देश को अस्थिर करने वाली यह हरकत ऐसी है, जिसकी हर किसी को समय रहते निंदा करनी चाहिए।
कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल डॉ आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि कुरान के अनुसार पैगंबर को भी इसकी इजाजत नहीं है कि वो जिस देश में रहते हैं, वहां के कानून को तोड़ें। भारत ही नहीं, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी में भी कुछ लोग शरिया की मांग कर रहे हैं। लेकिन जिस देश में आप रहते हैं, वहां के कानून को चुनौती देना तो कुरान की दृष्टि से भी गलत है? कुरान कहता है कि कोई जोर जबर्दस्ती नहीं हो सकती है, लेकिन पर्सनल लॉ बोर्ड कहता है कि अगर किसी ने अपनी मर्जी के खिलाफ, डर, दवाब में तलाक बोल दिया तो वो तलाक माना जाएगा। उन्होंने कहा कि कुरान में एक ही रंग का जिक्र है और वो है भगवा रंग। कुरान में इसे कहा गया है आंखों को अच्छा लगने वाला रंग। इसे जाफरानी रंग कहा जाता है।
पाञ्चजन्य के सागर मंथन संवाद 4.0 में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कांग्रेस के वोट चोरी के मुद्दे को बकवास करार दिया और बताया कि पोस्टल बैलेट में मतदान में भी एनडीए ही जीती है। उन्होंने कहा कि खुद कांग्रेस की सरकार के दौरान 10 बार एसआईआर हुआ था। कांग्रेस की असल चिंता घुसपैठियों के वोट कटने को लेकर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि किसी भी सूरत में पारदर्शिता लाना है और इसलिए हमने कड़ा फैसला लिया कि कैसे भी करके स्टाफ सेलेक्शन करना है। हमने कैटेगरी सी और डी के लिए हमने किया। हमारी कार्य करने की पद्धति ऐसी है कि जब बच्चा परीक्षा देकर बाहर निकलता है तो डिजिटली उसे उसका नंबर तुरंत मिल जाता है और उसके बाद सीपीटी 2 में स्क्रुटनी के बाद बच्चों का चयन होता है। मैं दावे से कह सकता हूं कि बाकी राज्यों में हमारे जितना ट्रांसपैरेंट सिस्टम नहीं होगा।
प्रतिभावान लोग जॉब में आने लगे हैं।
कार्यक्रम में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव रंजीत मेहता ने कहा कि हर किसी को एक बार गोवा जरूर जाना चाहिए। गोवा का टूरिज्म में यह स्थान है क्योंकि यहां की जड़े हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हैं। गोवा ने अब पूरे सालभर के टूरिज्म का शेप ले लिया है। यह एक अहम बदलाव है। उन्होंने मोपा एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर की तारीफ की और इसे दूरदृष्टि वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अब हमें जर्मनी को पछाड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना है।
पाञ्चजन्य के सागर मंथन संवाद 4.0 कार्यक्रम में संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने कहा कि भारत का विचार अध्यात्म का विचार है। विकास की जितनी भी घड़िया चली हैं, उसमें भी अध्यात्म का विषय है। यह हमारी विशेषता रही है। ऐसा समाज यहां रहा है इसलिए वो हिंदू नाम से जाना जाता था। इसलिए भारत का व्यक्तित्व हिंदू से जुड़ गया। उन्होंने कहा कि संघ किसी के विरोध में आया हुआ संगठन नहीं है। मिशन को लेकर चलने वाला संगठन है। संघ संपूर्ण मानवता की एकता चहाता है। हमारी घोषणा भी यही है। हमारे यहां यही क्रम भी रहा है कि वसुधैव कुटुंबकम। दुनिया में भारतीय संस्कृति को अधिक पहुंचाने का काम भगवान बुद्ध ने किया ऐसा हम मानते हैं।
उन्होंने कहा कि संघ की 100 साल की यात्रा एक विचार की यात्रा है। हम हिंदुत्व को लेकर चलने वाले हैं। इस देश का मूल विचार हिंदुत्व है। हमारी यह यात्रा विचार की यात्रा है। हिंदुत्व यानी सर्वसमावेशी और सर्वव्यापी और सार्वभौमिक। संघ में भी यही विशेषता आई है। इसलिए संघ की विकास यात्रा में हिंदुत्व की यात्रा विचार के रूप में चलती है। पाञ्चजन्य गोवा सागर मंथन : सुशासन संवाद 4:0 का आयोजन 24 दिसंबर को गोवा को डबल ट्री हिल्टन होटल में हुआ। पाञ्चजन्य के संपादक हितेश शंकर, बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल संतोष, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और भारत प्रकाशन दिल्ली लिमिटेड के निदेशक बृज बिहारी ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की और इसके बाद मंच पर विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार रखें। कार्यक्रम के अंत में भारत प्रकाशन दिल्ली लिमिटेड के निदेशक बृज बिहारी ने सभी विशिष्ट अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।


