आरडब्ल्यूए-73 चुनाव से पहले सोसाइटी में रोष, निवासियों ने कहा लिस्ट में नाम नहीं तो वोट किसे दें

आरडब्ल्यूए-73 चुनाव से पहले सोसाइटी में रोष, निवासियों ने कहा लिस्ट में नाम नहीं तो वोट किसे दें

नोएडा। सेक्टर-73 के महादेव अपार्टमेंट में आरडब्ल्यूए का चुनाव 27 अगस्त को प्रस्तावित है। चुनाव जीतने के लिए सभी उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार चुनाव में अध्यक्ष पद के तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रत्याशी महादेव अपार्टमेंट सोसाइटी में घर घर जाकर वोट मांग रहे हैं। 

बताते चलें कि सोसाइटी में लगभग 1,232 फ्लैट हैं। इनमें तीन हजार से अधिक लोग रहते हैं। 27 अगस्त को होने वाले चुनाव में 706 मतदाता अपने उम्मीदवार का चयन करेंगे। लेकिन, इस बीच दो पैनलों ने चुनाव अधिकारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है।
नाम न बताने की शर्त पर सोसाइटी के निवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से सोसाइटी में एक पैनल फर्जीवाड़ा कर चुनाव जीतना चाह रहा है। सोसाइटी के लोगों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़ने नहीं दे रहा है। चुनाव अधिकारी को वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में सोसाइटी में 50 लोग ऐसे हैं, जिनके नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं। निर्वाचन अधिकारी तमाम अनुरोध के बाद भी नाम नहीं जोड़ रहे हैं। उन्होंने चेताया कि यदि वोटर लिस्ट में उनके नाम नहीं जोड़े गए तो मतदान के दिन वो विरोध करेंगे। इस संबंध में सोसाइटी के निवासियों ने जिलाधिकारी मनीष वर्मा को पत्र लिखकर शिकायत की है। 

महादेव अपार्टमेंट सोसाइटी में तीन पैनल अपनी जीत की दावेदारी कर रहे हैं। इसमें रंजीत तोमर पैनल, सतवीर यादव पैनल और अनिरुद्ध राय पैनल है। तीनों पैनल सोसाइटी में जीत को लेकर दावे और वादे कर रहे हैं। अगर बात की जाए सोसाइटी के मुद्दों की तो निवासियों का कहना है कि इस बार वोट महिलाओं की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर दिया जाएगा।