रंगदारी नहीं देने पर मिली सर्राफा व्यवसायी पिता पुत्र को जान से मारने की धमकी
गाजीपुर मरदह। सर्राफा व्यवसायी से मोबाइल पर रंगदारी मांगने और गोली मारने की धमकी से मरदह क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय बाजार निवासी सर्राफा व्यवसायी अनिल वर्मा को मोबाइल पर रंगदारी मांगने एवं पिता -पुत्र को तीन दिन के अंदर दुकान में घुस कर गोली मारने की धमकी मिलने पर मरदह बाजार के व्यपारियों में हड़कंप मच गया। धमकी से भयभीत अनिल वर्मा ने थाने में तहरीर दी जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित ने बताया कि उनके मोबाइल फोन पर शुक्रवार दिन में 11 बजे मरदह थाना के क्षेत्र के कस्तूआं बसवारी गांव निवासी वशिष्ठ राम ने फोन करके कहा कि तुमसे कई दिन से रुपये मांग रहा हूं तुमने नहीं दिया। तुम्हारी दुकान में घुसकर तीन दिन के अंदर तुमको एवं तुम्हारे पुत्र को गोली मार दूंगा। थाने में जाकर थानाध्यक्ष को बता दो तुम्हे कोई बचा नहीं सकता है। तुम पिता पुत्र दोनों को एक साथ मारूंगा। इस संबंध में मरदह थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।


