ग्राम चौपाल, मामूरा में जनसंवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

ग्राम चौपाल, मामूरा में जनसंवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न

नोएडा।: ग्राम चौपाल मामूरा, सेक्टर-66 में एक प्रभावशाली जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष महेश चौहान उपस्थित रहे। उनके साथ ओमवीर अवाना, श्रीमती रुचि चौहान, बब्लू यादव, देवेन्द्र, अमित त्यागी एवं सुमेर सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महेश चौहान ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को विस्तारपूर्वक ग्रामवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से देश की सीमाओं पर तैनात सेना के पराक्रम एवं सुरक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हम सभी सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं।

उन्होंने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने की दिशा में हो रहे विकास कार्यों, सेमीकंडक्टर उद्योग में भारत की प्रगति, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना एवं आवासीय योजनाओं के माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी दी। साथ ही देशभर में विकसित हो रहे सड़कों के जाल एवं रोजगार सृजन के अवसरों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए आगामी योजनाओं की रूपरेखा भी ग्रामवासियों के समक्ष रखी।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई के वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी ने मामूरा क्षेत्र में नोएडा प्राधिकरण द्वारा स्थायी पार्किंग निर्माण की आवश्यकता पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया।

मामूरा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्द पाल चौहान ने ग्राम की जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बिजली व्यवस्था की अनियमितता, साफ-सफाई की कमी एवं गांव की जर्जर सड़कों की समस्या से जिला अध्यक्ष को अवगत कराया।

पूर्व प्रधान रवि चौहान ने क्षेत्र में सुरक्षा से संबंधित मुद्दों को रखते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की।

कार्यक्रम में ओमकार चौहान, मनोज चौहान, मिथुन चौहान, वीरेंद्र चौहान, मनीष चौहान, सतपाल चौहान, जितेन्द्र चौहान, राजवीर सिंह, सुशील चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

अंत में ग्रामवासियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं जनहितकारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे संवाद कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।