विश्व रेडियो दिवस पर सलाम नमस्ते में हुआ कार्यक्रम
नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में विश्व रेडियो दिवस पर जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता में रेडियो की भूमिका विषय पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान बतौर अतिथि अजरबैजान में आयोजित (COP29) संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में भारत के प्रतिनिधि रहे शितिज झा ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। वहीं रेडियों चर्चा के दौरान आईएमएस नोएडा के महानिदेशक प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता एवं समाज के सतत विकास में रेडियो की भागीदारी पर अपने विचार प्रकट किए।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रोफेसर (डॉ.) विकास धवन ने कहा कि रेडियो ग्रामीण और शहरी दोनों समुदायों तक पहुँचने का एक प्रभावी साधन है। यह जलवायु संकट से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी और समाधान साझा कर सकता है। उन्होंने बताया कि रेडियो के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, स्थायी जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के संदेश अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाए जा सकते हैं। वहीं शितिज झा के कहा कि रेडियो जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि COP29 अज़रबैजान में भी जलवायु वित्त और सतत विकास पर व्यापक चर्चाएं हुईं। आज रेडियो न केवल स्थानीय समुदायों को जोड़ने का साधन है, बल्कि वैश्विक मुद्दों पर जागरूकता फैलाने में भी सहायक है।
वहीं सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि सलाम नमस्ते 13 फरवरी से 20 फरवरी तक इस कार्यक्रम को मना रहा है। हम स्थानीय स्कूल, समुदाय, गांव एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं साथ इस कार्यक्रम का आयोजन करेंगे। 20 फरवरी को संस्थान परिसर में छात्रों के लिए एक प्रतिस्पर्धा रखा गया है जिसमें स्कूल छात्र हिस्सा लेंगे।


