किशोरी संग छेड़खानी मामले मे धारा बढा, सुहवल थाना क्षेत्र का है मामला

गाजीपुर : सुहवल थाना के एक गांव निवासी किशोरी संग छेड़खानी के मामले में पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी है। पुलिस किशोरी का री-मेडिकल कराने की तैयारी में है। मामले की लीपापोती करने में स्थानीय पुलिस ने कोई कमी नहीं छोड़ी थी, लेकिन वह अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। धारा बढ़ने के बाद पीड़ित स्वजन को भी यकीन हो गया कि आरोपितों को कोर्ट में उचित दंड मिलेगा।

सुहवल थाना के एक गांव निवासी किशोरी बीते बुधवार पास के एक गांव के खेत में काम कर रहे अपने माता-पिता को खाना लेकर गई थी। इसके बाद पानी लेने वह पास के ही हैंडपंप पर गई थी, तभी पांच किशोर उसे उठा ले गए और उसके कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। मामले में पीड़ित के स्वजन थाने गए तो सपा के एक जनप्रतिनिधि के प्रभाव में आकर दुष्कर्म का मुकदमा ना दर्ज कर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। इसके बाद खूब हो-हल्ला मचा। इससे पुलिस महकमे में खलबली मच गई। किशोरी के स्वजन एसपी रोहन पी बोत्रे से मुलाकात कर घटना को विस्तार से बताया। इस पर उन्होंने किशोरी का री-मेडिकल कराने के साथ ही एसपी (ग्रामीण) को जांच का निर्देश दिया। मामले में बुधवार को आरोपितों की रिमांड थी। इस दौरान सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो की धारा बढाई गई। इसको लेकर अब कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसकी स्थानीय लोगों में खूब चर्चा है। पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्रे ने बताया कि दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई है। रीमेडिकल कराने की तैयारी चल रही है।