यूनिटी कप 2025: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का शुभारंभ

यूनिटी कप 2025: भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का शुभारंभ

नोएडा। भारत में पहली बार आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर बास्केटबॉल चैम्पियनशिप – यूनिटी कप 2025 का शुभारंभ आज अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में नोएडा इनडोर स्टेडियम में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भारत और नेपाल—दोनों देशों के राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात बी एस मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भारत और नेपाल के गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर दोनों देशों की सांस्कृतिक एकजुटता को मंच पर जीवंत किया।

यह ऐतिहासिक आयोजन युवा क्रांति सेना, व्हील चेयर बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया, साउथ एशियन पैरा स्पोर्ट्स फेडरेशन और पैरालिंपिक कमिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में सम्पन्न हुआ, जिसका उद्देश्य खेलों के माध्यम से समावेशन, साहस और अंतरराष्ट्रीय मैत्री को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेविका और इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल की चेयरमैन शालिनी सिंह और पीसीआई के पूर्व ईडी पीसी कश्यप के द्वारा किया गया, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस पहल की सराहना की।

नोएडा के विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नेपाल टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया और भारत–नेपाल मैत्री को सशक्त बनाने वाली इस प्रतियोगिता की प्रशंसा की। रोमांचक मुकाबले में भारत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 60–51 से हराया और दर्शकों की तालियों के बीच जीत दर्ज की। मैच के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और अदम्य जज़्बे का अद्भुत प्रदर्शन किया।

इसके अतिरिक्त अनेक विशिष्ट अतिथि सेना के सलाहकार टी एन गोविल, लोकेश चौहान, राजेश अम्बावता सत्य बाबू, वरुण अहलावत, डॉ. तरसेमचंद चंद, कैलाश जी, डॉ. विवेक तोमर, टीम सखा एक पहल, रचना यादव, तनु गुप्ता, अमिताभ गुप्ता, सचिन मलिक, ममता मलिक, दीपक मिश्रा, नम्या चड्ढा, विनीत, कनिष्का अग्रवाल, अपनी सम्मानजनक उपस्थिति से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहभागी बने।

युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि यूनिटी कप 2025 ने न केवल दोनों देशों के खिलाड़ियों को एक ही मंच पर लाकर खेल की नई मिसाल पेश की, बल्कि समावेशन, मैत्री और खेलभावना के उस संदेश को भी मजबूत किया, जिसकी आज दुनिया को सबसे अधिक आवश्यकता है।