सलाम नमस्ते में टीबी दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

सलाम नमस्ते में टीबी दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

नोएडा। आईएमएस नोएडा के सामुदायिक रेडियो सलाम नमस्ते में टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्मार्ट संस्था के संयुक्त तत्वावधान में सेहत सही लाभ कई स्वास्थ्य श्रृंखला के अंतर्गत आज टीबी मुक्त भारत में शैक्षणिक संस्थानों के योगदान विषय पर चर्चा की गयी। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को टीबी उन्मूलन के प्रति जागरूक करने और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान संदेश देते हुए डॉ. श्वेता खुराना ने टीबी दिवस के अवसर पर लोगों से तंबाकू के खतरों के प्रति जागरूक रहने और टीबी उन्मूलन में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने युवाओं से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता फैलाने, सोशल मीडिया के माध्यम से संदेश साझा करने, स्वयंसेवक बनने, टीबी मरीजों का सहयोग करने तथा तंबाकू निषेध के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया गया।

सलाम नमस्ते की स्टेशन हेड बर्षा छबारिया ने बताया कि आज के कार्यक्रम में जिला तंबाकू मुक्त संस्थान से जुड़े शिक्षकों, प्राचार्यों एवं निक्षय मित्रों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने तंबाकू के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू का सेवन हमारे स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इससे टीबी का इलाज कठिन हो जाता है और मरीज की स्थिति और भी खराब हो सकती है। हम सभी को तंबाकू से दूर रहने का संकल्प लेना हिए दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

सोमवार को कार्यक्रम के दौरान जवाहर इंटर कॉलेज से रचना गुप्ता, मानव रचना स्कूल के कोऑर्डिनेटर अभय कुमार, निक्षय मित्र वरुण सिंह पुंडीर एवं बायोलॉजी शिक्षक शेखर श्रीवास्तव ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। वहीं कार्यक्रम के अंत में सेहत सही लाभ कई हेल्थ क्लब द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता में विशेष योगदान देने वाले युवाओं एवं अतिथियों को सेहत मित्र प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।