इस्कॉन नोएडा मन्दिर में नौका विहार उत्सव धूमधाम से मनाया गया 

इस्कॉन नोएडा मन्दिर में नौका विहार उत्सव धूमधाम से मनाया गया 

नोएडा: इस्कॉन नोएडा मन्दिर में नौका विहार उत्सव बड़ी धूमधाम एवं उल्लासपूर्वक मनाया गया। नौका विहार एक पारम्परिक उत्सव है। द्वापरयुग में जब भगवान साक्षात स्वयं उपस्थित थे, तब वे श्रीमती राधारानी एवं अन्य गोपियों के साथ अपने परम पवित्र श्रीवृन्दावन धाम में नौका विहार किया करते थे। भगवान की इसी लीला का संस्मरण करते हुए आज भी नौका विहार का उत्सव अत्यन्त धूमधाम से मनाया जाता है।

नौका विहार के लिए मन्दिर में एक अस्थायी सरोवर का निर्माण किया गया था। सरोवर को अत्यन्त सुन्दर ढंग से सुगन्धित पुष्पों की रंगोली एवं अन्य साज-सजावटी सामग्री से सजाया गया था। श्री श्री राधा गोविन्द देव के उत्सव विग्रहों को मन्दिर से लेकर सरोवर तक अत्यन्त उल्लासपूर्ण एवं कीर्तन के साथ सुन्दर सुसज्जित पालकी में बिठाकर लाया गया। श्रद्धालुगण उत्साहपूर्वक नाचते गाते पालकी के साथ-साथ चल रहे थे। तत्पश्चात मन्दिर के भक्तों द्वारा निर्मित सुन्दर सुसज्जित नौका में बिठाने से पूर्व भगवान की महाआरती की गई एवं उन्हें विभिन्न प्रकार के देशी-विदेशी व्यंजनों सहित 56 भोग अर्पित किए गए।

इस अवसर पर भगवान को नई पोशाक पहनाई गई। सुन्दर सुगन्धित पुष्पों से सुसज्जित नौका में विराजमान भगवान ऐसे प्रतीत हो रहे थे मानो साक्षात श्री श्री राधा कृष्ण गोलोक से उतर आए हों। हिलोरे लेते हुए नौका विहार करवाया गया। इस बीच निरन्तर हरे कृष्ण महामंत्र का कीर्तन चलता रहा और सरोवर के आस पास खड़े भक्तों ने इस उत्सव का अत्यन्त उत्साह के साथ आनन्द लिया।

इस्कॉन के संस्थापकाचार्य श्रील प्रभुपाद के निजी शिष्य परम पूज्य लोकनाथ स्वामी महाराज के साथ साथ नोएडा एवं एन सी आर के लगभग 1500 भक्त इस उत्सव में सम्मिलित हुए तथा भगवान् श्री श्री राधा गोविन्द देव का आशीर्वाद ग्रहण किया। उत्सव के अन्त मे सभी भक्तों ने भगवान को अर्पित विभिन्न व्यंजनों के साथ सुस्वाद डिनर प्रसाद का आस्वादन किया। कुल मिलाकर यह उत्सव अत्यन्त उल्लास एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।