लघु उद्योग भारती ने एमएसएमई अधिकारियों को भेंट की 'उद्योग टाइम्स' पत्रिका
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव श्री राजेश कुमार सिंह ने एमएसएमई विकास कार्यालय, वाराणसी में शिष्टाचार भेंट के दौरान सहायक निदेशक (इंचार्ज) श्री राजेश चौधरी एवं सहायक निदेशक श्री वीरेंद्र राना को संगठन की मासिक पत्रिका 'उद्योग टाइम्स' की प्रति भेंट की।
इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास, उद्यमियों के हितों तथा उद्योग जगत से जुड़े समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। श्री राजेश कुमार सिंह ने बताया कि 'उद्योग टाइम्स' लघु उद्योग भारती की प्रमुख प्रकाशन पत्रिका है, जो एमएसएमई क्षेत्र से संबंधित नीतियों, सरकारी योजनाओं, नवाचार, सफल उद्यमियों के अनुभव तथा संगठन की गतिविधियों को व्यापक रूप से उद्योग जगत तक पहुंचाने का कार्य करती है।
एमएसएमई अधिकारियों ने पत्रिका की उपयोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रकाशन उद्यमियों को नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योग एवं शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यह शिष्टाचार भेंट उद्योगों के विकास, उद्यमियों के सशक्तिकरण तथा लघु उद्योग भारती एवं एमएसएमई विभाग के मध्य सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।


