मरीजों की सुविधाओं को लेकर सक्रिय हुई शालिनी सिंह, अस्पतालों में किया निरीक्षण

मरीजों की सुविधाओं को लेकर सक्रिय हुई शालिनी सिंह, अस्पतालों में किया निरीक्षण

नोएडा। आज युवा क्रांति सेना की मुख्य संरक्षक शालिनी सिंह के नेतृत्व में, अध्यक्ष अविनाश सिंह, सलाहकार दीपक शंखधर एवं उपाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल तथा सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर समस्याओं को गंभीरता से समझा गया। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि ईएसआईसी अस्पताल में सीटी स्कैन एवं एमआरआई जैसी महत्वपूर्ण जांचों के लिए मरीजों को महीनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार नोएडा में लगभग 11 लाख श्रमिक ईएसआईसी से जुड़े हैं और हर माह उनका अंशदान कटता है, लेकिन सुविधाएं अत्यंत सीमित हैं। वर्तमान में केवल एक सीटी स्कैन और एक एमआरआई मशीन पर इतनी बड़ी आबादी निर्भर है, जो चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है।
युवा क्रांति सेना द्वारा ईएसआईसी अस्पताल में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए दो स्मार्ट बोर्ड भेंट स्वरूप प्रदान किए गए, जिससे उनकी पढ़ाई में तकनीकी सहयोग मिल सके।

दोनों अस्पतालों में एसी एवं वाटर कूलर जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन द्वारा आश्वस्त किया गया है कि इन सुविधाओं को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, ईएसआईसी से निजी अस्पतालों में रेफर करने की प्रक्रिया में भी गंभीर समस्याएं सामने आई हैं, जिसको लेकर शीघ्र ही डीजी ईएसआईसी से वार्ता की जाएगी। अस्पताल परिसर में लगे स्प्रिंकलर सिस्टम की पाइपलाइन कई स्थानों पर जर्जर अवस्था में पाई गई, जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। इस विषय में भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

साथ ही, जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन की स्थापना हेतु शासन स्तर पर बातचीत की जाएगी, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर चिकित सुविधा उपलब्ध हो सके।

शालिनी सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी समाज की बुनियादी आवश्यकता होती हैं। श्रमिकों एवं आम नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध इलाज मिलना उनका अधिकार है।