डिजिटल इंडिया प्रोग्राम को चूना लगा रहा यूपी का सबसे हाईटेक नोएडा प्राधिकरण - मनीष कुमार

डिजिटल इंडिया प्रोग्राम को चूना लगा रहा यूपी का सबसे हाईटेक नोएडा प्राधिकरण - मनीष कुमार

नोएडा : नोएडा शहर को उत्तर प्रदेश का सबसे हाईटेक शहर माना जाता है। जाहिर है सबसे हाईटेक शहर के प्राधिकरण को भी सबसे ज्यादा टेक्नोलॉजी से परिपूर्ण माना जाता है। परन्तु हकीकत इसके ठीक उलटी है। नोएडा नोएडा प्राधिकरण का आधिकारिक वेबसाइट कई कई सालों से अपडेट नहीं हुआ है। यह तो चिराग तले अंधेरा वाली बात को ही साकार करता है। या यूँ कहें तो उत्तर प्रदेश के सबसे हाईटेक शहर का प्राधिकरण देश के प्रधान मंत्री के डिजिटल इंडिया प्रोग्राम को चूना लगा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण के वेबसाइट को अपडेट करने की जनसुनवाई पर शिकायत करने वाले मनीष कुमार ने बताया कि नोएडा प्राधिकरण से सम्बंधित किसी अधिकारी के नंबर के लिए नोएडा प्राधिकरण का वेबसाइट खंगाला लेकिन जानकारी नहीं मिली। इसी दौरान यह दिखा कि नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट कई सालों से अपडेट ही नहीं हुआ है। 07 मई को शिकायत संख्या 40014126016920 के माध्यम से जनसुनवाई पर शिकायत किया गया था लेकिन अभी तक वेबसाइट अपडेट नहीं हुआ है।

नोएडा प्राधिकरण के सिस्टम्स विभाग की प्रबंधक सुषमा ने 29 मई  को बताया कि प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर विभिन्न tabs के अंर्तगत प्रदर्शित होने वाली सूचना को विभिन्न विभागों से सूचना प्राप्त होने के उपरांत ही कम्प्यूटर सैल विभाग द्वारा केवल अपडेट करने का कार्य किया जाता है। विभिन्न विभागो से सूचना प्राप्त करने हेतु सभी विभागो को पत्र प्रेषित कर दिया गया है। विभिन्न विभागो से समस्त सूचना प्राप्त होने के उपरांत प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर विभिन्न tabs के अंर्तगत प्रदर्शित होने वाली सूचना को अपडेट कर दिया जायेगा।

तत्पश्चात 29 जून को सिस्टम्स विभाग की प्रबंधक सुषमा ने पुनः अवगत कराया कि वर्तमान में विभिन्न विभागों को पत्र 29 मई तथा अनुस्मारक पत्र 05 मई प्रेषित कर अपडेटेड सूचनाए प्राधिकरण की वेबसाइट पर प्रदर्शित कराये जाने हेतु अनुरोध किया गया। वर्तमान में ट्रैफिक सेल को हटाते हुये सिविल विभाग, आर०टी०आई० विभाग, पार्किंग संबंधी विवरण, प्रेस रिलीज़ कॉन्टैक्ट अस इत्यादि को प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट करा दिया गया है एवं शेष विभागों से सूचनायें प्राप्त होने पर वेबसाइट पर अपडेट करा दिया जायेगा।

शिकायतकर्ता मनीष ने बताया कि अब लगभग एक महीना और बीत गया लेकिन नोएडा प्राधिकरण का वेबसाइट आज तक अपडेट नहीं हुआ है। नोएडा प्राधिकरण के वेबसाइट की गहन जांच की गई तो पता चला कि विद्युत यांत्रिकी विभाग का पेज 2020 से, जन स्वास्थ्य विभाग का पेज 2022 से, उद्यान विभाग का पेज 2021 से, वार्षिक रिपोर्ट का पेज 2007-08 से, बैलेंस शीट का पेज 2019-20 से अपडेट नहीं हुआ है।

एसपी सिंह को अभी भी नोएडा ट्रैफिक सेल का महाप्रबंधक बताया गया है जबकि नोएडा ट्रैफिक सेल को कई महीने पहले ही खत्म कर दिया गया है। नोएडा प्राधिकरण के वेबसाइट के मुताबिक प्रदूषण के भीषण समस्या से लड़ने के लिए 2022 के बाद कुछ नहीं किया तो फोटो गैलरी के मुताबिक नोएडा प्राधिकरण अभी तक कोरोना त्रासदी से उबर नहीं पाया है।

महत्वपूर्ण परियोजनाओं की लिस्ट में प्राधिकरण के नए ऑफिस, चिल्ला एलिवेटेड रोड इत्यादि का कोई जिक्र नहीं बस सेक्टर-93 के बारात घर को सबसे महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया है। वेबसाइट पर प्रेस रिलीज और निविदाओं का पेज भी मनमर्जी अपडेट किया जाता है।

2 जुलाई के बाद से नोएडा प्राधिकरण ने कोई प्रेस रिलीज जारी नहीं किया और 24 जून के बाद से नोएडा प्राधिकरण ने कोई नई निविदा जारी नहीं की। वेबसाइट पर एक सेक्शन में नोएडा प्राधिकरण में कार्यरत अधिकारियों के सैलरी का सेक्शन मौजूद तो है लेकिन अधिकारियों ने अपनी सैलरी को गुप्त रखना ज्यादा उचित समझा।