डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों की दक्षता बढ़ाने के लिए गाजियाबाद में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ आयोजित
विदेश मंत्रालय और डाक विभाग की संयुक्त पहल से पासपोर्ट सेवाएं होंगी और अधिक सुगम
गाजियाबाद। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अधीन क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा 05 जुलाई 2025 को एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें डाक विभाग के 30 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (POPSK) में कार्यरत अधिकारियों की दक्षता और सेवा गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्री अनुज स्वरूप, आईएफएस द्वारा की गई, जिन्होंने नागरिकों को पारदर्शी एवं सुलभ पासपोर्ट सेवाएं प्रदान करने के सरकार के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने डाक विभाग के सहयोग की सराहना करते हुए POPSK को स्थानीय स्तर पर पासपोर्ट सेवा प्रदान करने की दिशा में एक मजबूत कड़ी बताया।
इस अवसर पर डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विशाल पाठक (IPoS), गाजियाबाद एवं हापुड़ क्षेत्र के प्रमुख, ने पासपोर्ट प्रणाली में हुए सुधारों तथा उसमें डाक विभाग की भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें डाक कर्मियों ने आवेदन प्रक्रिया में आने वाली चुनौतियों को साझा किया। पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने उनकी समस्याओं का समाधान सरल और स्पष्ट तरीके से प्रस्तुत किया।
डाक अधिकारियों ने इस सत्र की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से उनकी कार्य कुशलता में सुधार होगा और नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।
यह कार्यक्रम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 13 जिलों—आगरा, अलीगढ़, बागपत, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़, शामली और सहारनपुर—में पासपोर्ट सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


