विश्व हिंदू महासंघ ने मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती को पहुंचाया अपना घर आश्रम
नोएडा। विश्व हिंदू महासंघ, जिला गौतम बुद्ध नगर की टीम ने मानवता और सेवा की मिसाल पेश करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ 25 वर्षीय युवती माया कुमारी को सुरक्षित रूप से अपना घर आश्रम, सेक्टर-34, नोएडा पहुंचाया।
विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे सेक्टर-85 पुलिस चौकी के पास दिनेश के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती वहां मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में घूम रही है। युवती अपना नाम माया कुमारी बता रही थी, लेकिन इसके अलावा वह अपने बारे में कोई अन्य जानकारी देने में असमर्थ थी।
सूचना मिलते ही विश्व हिंदू महासंघ की टीम ने अपना घर आश्रम से संपर्क किया। इसके बाद अपना घर आश्रम की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी तथा नोएडा महानगर ब्लॉक अध्यक्ष, मातृशक्ति प्रकोष्ठ की किरण त्यागी भी मौके पर पहुंचे और युवती को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
युवती को थाना फेस-2 की जीडी में अपडेट कराने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंगेल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अपना घर आश्रम की एंबुलेंस के माध्यम से करीब शाम 4 बजे माया कुमारी को सुरक्षित रूप से अपना घर आश्रम, सेक्टर-34 भेज दिया गया।
इस सेवा कार्य में जिला प्रभारी चौधरी तेज सिंह, महानगर अध्यक्ष मातृशक्ति प्रकोष्ठ किरण त्यागी, निरंजन गुप्ता, दिनेश, महिला कांस्टेबल ममता बालियान तथा जिला अध्यक्ष विपिन चौधरी सहित विश्व हिंदू महासंघ के अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
विश्व हिंदू महासंघ की टीम ने इस सेवा कार्य के माध्यम से यह संदेश दिया कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता करना ही सच्ची मानव सेवा है। संस्था के कार्यकर्ताओं ने इसे “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना से किया गया पुण्य कार्य बताया।


