पहाड़ी अंचल के लोगों ने रखा मिलन कार्यक्रम, पहाड़ी बूबू से मिलकर खूब खिलखिलाए बच्चे

पहाड़ी अंचल के लोगों ने रखा मिलन कार्यक्रम, पहाड़ी बूबू से मिलकर खूब खिलखिलाए बच्चे

ग्रेटर नोएडा। उत्तराखंड एकता मंच EV2 परिवार ने ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक ईको विलेज 2 सोसाइटी में शाम 6 से रात 11 बजे तक सोसाइटी के क्लब में एक मिलन कार्यक्रम रखा. इस कार्यक्रम में सोसाइटी निवासी सभी उत्तराखंडवासियों को एक मंच प्रदान किया गया. सोसाइटी के लोगों ने बढ़-चढकर इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया. यहां पारंपरिक तरीके से टीका-चंदन लगाकर और पहाड़ी टोपी भेंटकर लोगों का स्वागत किया गया. इसके बाद दीप प्रज्जवलन और गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.

सोसाइटी के बच्चों और महिलाओं ने पहाड़ी गानों पर न सिर्फ अपना शानदार डांस दिखाया, बल्कि कई बच्चों और महिलाओं ने कुमाऊंनी-गढ़वाली गाने गाकर समस्त लोगों का मनोरंजन किया. कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण की बात करें तो यहां पर एक बुजुर्ग को पहाड़ी बूबू (दादाजी) बनाकर बिठाया गया. जिन्होंने कार्यक्रम में आए बच्चों को टॉफी बांटकर उनका हौंसला बढ़ाया. कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले बच्चों को वाटर बोतल देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में शामिल हर परिवार के नाम की एक पर्ची डाली गई और अंत में एक लकी ड्रॉ निकाला गया. लकी ड्रॉ के विजेता को एक डिनरसेट दिया गया.

कार्यक्रम में तमाम व्यंजनों के साथ पहाड़ी तड़का लगाने के लिए भांग और तिल की चटनी, दाल के बड़े और मडुवे की रोटी खासतौर पर रखी गई. अंत में सभी लोगों ने झोड़े में शामिल होकर पारंपरिक तरीके से कार्यक्रम का समापन किया और अब सोसाइटी में इसी तरह के मिलन कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की हामी भरी.